बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने रक्तदान कर समाज को मानव सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। इस अवसर पर उन्होंने आम नागरिकों से भी नियमित रूप से रक्तदान करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
रक्तदान के दौरान विमलेश कुमार देवांगन ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और किसी दुर्घटना, गंभीर बीमारी या आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है। ऐसे में स्वस्थ लोगों को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त मिल सके।
उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल दूसरों की जान बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की सेवा का भी प्रतीक है। रक्तदान से समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से इस जनहितकारी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
रक्षित निरीक्षक ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस नेक कार्य में भागीदारी निभा सकें। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान करें, जीवन बचाएं” और मानवता की इस सेवा में अपना योगदान दें।
