छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस 28 नवंबर 14 साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन डॉ रेशमा अंसारी, डॉ कल्पना मिश्रा वक्ता के रूप में अपने विचार रखेगी

On Chhattisgarhi Official Language Day, November 28, 14 literary works will be unveiled; Dr. Reshma Ansari and Dr. Kalpana Mishra will share their thoughts as speakers.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय समारोह, छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकार होंगे सम्मानित

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की भाषा, संस्कृति और साहित्यिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय समारोह 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाएगा। सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में सुबह 10 बजे से होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा सहित विभागीय अधिकारी और साहित्यकार मौजूद रहेंगे।

14 साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन

समारोह का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ी साहित्य की 14 पुस्तकों का विमोचन होगा। इनमें अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू ‘पर्वणी’ की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’, रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’ और अमोल दास टंडन की ‘मय माटी अंव रे झन बाटव ये देश ल’ शामिल हैं।

इसके साथ ही बलराम मिर्झा की ‘धर्म क्रांति के अगवा’, प्रिया देवांगन की ‘माटी के सिरजाय छंद’, सुधा वर्मा की ‘अंचरा के धागा’ और ‘ठउर खोजत बसंत’, डोरे लाल कैवर्त की ‘अमृत गंगार’, बंशीधर लाल की ‘सियान के गोठ’ तथा डूमन लाल ध्रुव की ‘जिनगी बिरथा नइ जाय’ का भी विमोचन किया जाएगा।

पांच साहित्यकारों का होगा सम्मान

छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इनमें गरियाबंद के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ की सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर के ईश्वर साहू ‘बंधी’ और गोविंद धनगर शामिल हैं। अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भेंट की जाएगी।

‘पुरखा के सुरता’ में याद की जाएंगी डॉ. सत्यभामा आडिल

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में दोपहर 1 से 2 बजे तक ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर साहित्यिक परिचर्चा होगी। यह परिचर्चा स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगी। इसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी।

कवि सम्मेलन में गूंजेंगे छत्तीसगढ़ी माटी के स्वर

तीसरे सत्र में दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के कवि और साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, लोकजीवन, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को अभिव्यक्त करेंगे।

राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने प्रदेश के साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और भाषा प्रेमियों से समारोह में शामिल होकर मातृभाषा के इस उत्सव को सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा की साहित्यिक समृद्धि को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Exit mobile version