प्रदेश के विकास और विरासत को नई ऊँचाई..

New heights to the development and heritage of the state.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुढ़ में भैरवनाथ मंदिर का किया लोकार्पण
चित्रकूट में 3000 करोड़ के विकास कार्य, विन्ध्य को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिक विकास को समानांतर गति दी जा रही है। आस्था के केंद्रों के विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार सृजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को रीवा जिले के गुढ़ में प्राचीन एवं ऐतिहासिक भैरवनाथ मंदिर के विधिवत लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भैरवनाथ मंदिर अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है, जो अपने भीतर हजार वर्षों का गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है। मंदिर में स्थापित बाबा भैरवनाथ की दिव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देती प्रतीत होती है। यह स्थल न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवंत पहचान भी है।
सनातन संस्कृति का वैभव, अयोध्या से चित्रकूट तक विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ओरछा, मैहर, चित्रकूट सहित प्रदेश में 13 भव्य धार्मिक लोकों का निर्माण किया जा रहा है। विन्ध्य क्षेत्र सदैव से सनातन संस्कृति का केंद्र रहा है। चित्रकूट में भगवान राम ने वनवास के 11 वर्ष से अधिक समय बिताया, जहां 3000 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों के साथ वनवासी रामलोक का निर्माण किया जा रहा है।
लाड़ली बहना सशक्त, किसान समृद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत सहायता राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है, जिससे महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है। किसानों को अन्नदाता बताते हुए उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से किसानों को 12 हजार रुपये वार्षिक सहायता दी जा रही है। बेहतर विद्युत व्यवस्था और सोलर पंपों से खेती अधिक लाभकारी बनी है। सरकार इस वर्ष ‘किसान वर्ष’ मना रही है और कृषि विकास में हरसंभव सहयोग करेगी।
गुढ़ के सर्वांगीण विकास की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने गुढ़ एवं गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पोस्टमार्टम सुविधा, गोविंदगढ़ में एक्सरे मशीन, भैरवनाथ में पुलिस चौकी, गुढ़ में 100 एकड़ में औद्योगिक केंद्र, तीर्थयात्रियों के लिए विश्रामगृह तथा भैरवनाथ परिसर के समीप 1000 गौवंश की गौशाला निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा से उनका विशेष आत्मीय संबंध है।
अन्य वक्ताओं के विचार
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भैरवनाथ और कष्टहरनाथ मंदिर गुढ़ क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। औद्योगिक निवेश और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से विन्ध्य को नई पहचान मिल रही है। सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने भैरवनाथ लोक को नए युग की शुरुआत बताया और लंबित सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने कन्यापूजन कर बेटियों का सम्मान किया, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Exit mobile version