छत्तीसगढ़
नेहरू आर्ट गैलरी में 29 से 31 दिसंबर तक “हांथा” समकालीन कला प्रदर्शनी का आयोजन
Nehru Art Gallery to host "Haatha" contemporary art exhibition from December 29 to 31

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर स्थित नेहरू आर्ट गैलरी में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं से प्रेरित आधुनिक सृजन को समर्पित समकालीन कला प्रदर्शनी “हांथा” का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी समकालीन कलाकारों की सृजनात्मक अभिव्यक्ति, लोक संस्कृति और आधुनिक कला के समन्वय को सशक्त रूप से दर्शाएगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन 29 दिसंबर 2025 को संध्याकाल 5ः30 बजे मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा।

प्रदर्शनी में चित्रकला, स्केच, मिश्रित माध्यम (मिक्स्ड मीडिया) सहित विभिन्न विधाओं में रचित कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिनमें छत्तीसगढ़ की लोक कला, प्रकृति, जनजीवन तथा समकालीन विषयों की कलात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिलेगी। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय एवं समकालीन कलाकारों को मंच प्रदान करना, कला के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सांस्कृतिक संवाद को प्रोत्साहित करना है। यह तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी 29 से 31 दिसंबर 2025 तक आम दर्शकों के लिए प्रतिदिन सांय 05:30 बजे से रात्रि 08:30 बजे तक खुली रहेगी।
कला प्रदर्शनी में श्री अनिल खोबरागड़े, सुश्री अंकिता जेना, श्री योगेश कुमार नेताम, श्री शांति कुमार तिर्की, श्री अभिजीत बागानी, श्री दियांशु देवांगन, डॉ. तरूणा माथुर, श्री जी के निर्मलकर, सुश्री जयश्री भगवानानी, सुश्री निकिता साहू, सुश्री राधिका चौहान, श्री राजिंदर सिंह, श्री रवि यादव तथा सुश्री वंदना परगनिहा द्वारा निर्मित कृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा।



