देवीचरण ठाकुर गरियाबंद
डीएवी स्कूल, मुंगझर में नवरात्रि उत्सव बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता रानी की वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद कक्षा एल.के.जी. से कक्षा द्वितीय तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।
बच्चों ने रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा धारण कर मंच पर सुंदर गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी अदाओं और उत्साह ने वहाँ उपस्थित सभी का दिल जीत लिया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक धरोहर की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के साथ-साथ पालकगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बच्चों की प्रस्तुति देखकर वे भावविभोर हो उठे। कई अभिभावकों ने अपनी प्रतिक्रियाएँ भी व्यक्त कीं।
एक अभिभावक ने अपने विचार साझा करते हुए कहा—
“यह हमारे लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है कि हमारे बच्चों ने देश की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए इतना मनमोहक और सुंदर कार्यक्रम प्रस्तुत किया। यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना भी जागृत करता है।”
विद्यालय की प्राचार्या ने सभी बच्चों और शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं। प्राचार्या ने अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन अभी हवा की शुभकामनाएं द्वारा और सबके मंगलमय जीवन की कामना के साथ हुआ। नवरात्रि उत्सव ने विद्यालय परिसर को भक्ति, आनंद और भारतीय संस्कृति की महक से सराबोर कर दिया।
