देशभर के साथ-साथ रीवा जिले में भी राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जी की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई

National Youth Day and Swami Vivekananda's birth anniversary were celebrated with enthusiasm across the country as well as in Rewa district.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

देशभर के साथ-साथ रीवा जिले में भी राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जी की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के तराई अंचल अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ाछ के रिमारी गांव में आयोजित बांधवेश महाराजा मार्तण्ड सिंह स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया।

फाइनल मुकाबले में अंदवा टीम ने खाझा को 18 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह एवं रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का ग्राम पंचायत बड़ाछ के सरपंच प्रदीप कुमार सिंह (दीपू) द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात विधायक ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया।

टॉस जीतकर खाझा टीम के कप्तान सचिन सिंह ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अंदवा टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 5 विकेट खोकर 141 रन बनाए। इसमें नीरज शुक्ला ने शानदार 60 रन की पारी खेली। खाझा की ओर से मनीष सिंह ने 3 विकेट प्राप्त किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खाझा टीम 15 ओवर में 4 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। खाझा की ओर से मोहन ने 51 रन और अनिल सिंह ने 40 रन का योगदान दिया।

शानदार प्रदर्शन के लिए नीरज शुक्ला को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खाझा टीम के अनिल सिंह को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने का पुरस्कार अंदवा के रोबिल सिंह को तथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार सागर सिंह को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि खेल से मन, मस्तिष्क और शरीर का विकास होता है तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को संवारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र यूपी से लगे बीहड़ क्षेत्र में इस तरह के उत्कृष्ट टूर्नामेंट और युवाओं का शानदार प्रदर्शन सराहनीय है। सरपंच प्रदीप सिंह दीपू द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता की प्रशंसा करते हुए सांसद ने क्षेत्र की मांगों को लेकर इनडोर मिनी स्टेडियम के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया तथा प्रस्ताव कलेक्टर को देने की बात कही।

वहीं सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ने कहा कि क्षेत्र की सभी मांगों को लेकर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सांसद जनार्दन मिश्रा के साथ कई कार्यक्रमों में सहभागिता रही है, लेकिन युवाओं के बीच इतना समय सांसद ने पहली बार दिया है, जो सराहनीय है।

मुख्य अतिथियों विधायक दिव्यराज सिंह एवं सांसद जनार्दन मिश्रा ने विजेता टीम अंदवा के कप्तान विशाल सिंह तथा उपविजेता टीम खाझा के कप्तान सचिन सिंह को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर जनपद सदस्य जवा प्रबल पाण्डेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रमणि मिश्रा, हरिप्रसाद कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष जवा अखिलेश सिंह, मंडल अध्यक्ष अतरैला शालिकराम साहू, सरपंच अंदवा आलोक सिंह, सरपंच बरौली ठाकुरान प्रकाश सिंह, सरपंच चंपागढ़ विकास सिंह, सरपंच छदाहना शिवेंद्र सिंह, एसडीओपी नारायण सिंह कुम्हरे, थाना प्रभारी पनवार प्रवीण उपाध्याय, थाना प्रभारी अतरैला विजय सिंह परिहार, थाना प्रभारी डभौरा ऋषभ सिंह बघेल, बिजली विभाग के सुधीर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सरपंच बड़ाछ द्वारा पत्रकारों को शॉल एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में समिति के संरक्षक धर्मेंद्र सिंह, अध्यक्ष प्रेम बहादुर सिंह, बजरंग बहादुर सिंह, शिवप्रसाद सिंह, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, फूलचंद्र पांडेय, सिद्धार्थ सिंह, समीर सिंह, सागर सिंह, अभिनव सिंह, अनूप सिंह एवं सुमित सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Exit mobile version