अवैध संबंधों में हत्या,किसी की बेटी, किसी और का पति, तीसरे को नागवार गुजरा रिश्ता,बीच चौराहे पर ले ली जान

कांकेर @ धनंजय चंद। कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में एक युवक ने ग्रामीण की बीच चौक में चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे 2 घंटे के भीतर ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 8 बजे चारामा क्षेत्र के भोथा गांव का रहने वाला युवक उमेश बघेल (28 वर्ष) अटल चौक के पास खड़ा हुआ था, तभी आरोपी लकेश्वर निषाद वहां पहुंचा और उमेश पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। अचानक हुए हमले से उमेश बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई। हत्याकांड को देखने वाले कुछ ग्रामीणों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी को ग्रामीणों के द्वारा शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने साइबर की मदद से उसका लोकेशन ट्रेस कर उसे दो घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है।

चारामा थाना प्रभारी रूपेंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई है जिसमें उसने मृतक का शादीशुदा होने के बाद भी किसी अन्य लड़की से अफेयर होने को लेकर गुस्से में हत्या करने की बात स्वीकार की है, आरोपी ने पुलिस को दिये बयान में बताया है कि उमेश बघेल शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी है, ऐसे में उसका किसी अन्य लड़की से अफेयर होने पर उसने कई हर उसे समझाइश दी थी, लेकिन वह नहीं माना, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी।
आरोपी का कहना है कि उसके गांव में इस तरह की समाज में गंदगी फैल रही थी, इसलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर उसे न्यायालाय में पेश किया जा रहा है। मामले में दिलचस्प चीज़ यह है कि आरोपी का ना तो मृतक से कोई रिश्ता था ना ही मृतक का जिस लड़की से अफेयर था, उससे कोई रिश्ता था। फिर भी उसने सिर्फ शादीशुदा होने के बाद भी अफेयर करने को लेकर हत्या जैसे वारदात को अंजाम दे दिया।

