छत्तीसगढ़

भाटागांव बाजार पर निगम सख्त

Municipal Corporation gets tough on Bhatagaon market.

रायपुर। रायपुर के भाटागांव बाजार में व्यवस्था को लेकर बुधवार 23 सितंबर को हुए विवाद के बाद नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। बाजार को निर्धारित स्थल पर व्यवस्थित करने के साथ मुख्य मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है। अब पूरे बाजार परिसर में नो-व्हीकल जोन लागू रहेगा। विक्रेता और ग्राहक बाजार के भीतर वाहन नहीं ले जा सकेंगे। वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करना होगा।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर बाजार विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा और जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने प्रहरी और पुलिस बल के साथ मिलकर सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से बैठे विक्रेताओं को उनके निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराया।

थोक विक्रेताओं के वाहनों के लिए अलग जगह

बाजार परिसर में थोक सब्जी विक्रेताओं के वाहनों के लिए अलग जगह तय की गई है। निगम के मुताबिक, इससे वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और बाजार व मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या कम होगी। ग्राहकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की गई है।

दुकानों को आगे बढ़ाने वालों पर कार्रवाई

टाउन प्लानिंग टीम ने मुख्य मार्ग पर दुकानों को आगे बढ़ाकर बनाई गई अवैध संरचनाओं को हटाया। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क या तय सीमा पर किसी भी तरह का अतिक्रमण और अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तय जगह से हटे तो आवंटन हो सकता है निरस्त

बाजार में प्रत्येक व्यवसायी और विक्रेता के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। सभी को अपने आवंटित स्थल पर ही कारोबार करना होगा। तय जगह छोड़कर दूसरे स्थान पर बैठने या बाजार व्यवस्था प्रभावित करने वालों का आवंटन निरस्त किया जा सकता है।

शासकीय काम में बाधा पर पुलिस को सौंपा

कार्रवाई के दौरान शासकीय कर्मचारियों से अभद्रता और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द किया गया। निगम ने कहा कि अतिक्रमण, अव्यवस्था फैलाने या कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button