विशेष संवाददाता मुंगेली
लोकेशन लोरमी
अखरार धान खरीदी केंद्र में भ्रष्टाचार का आरोप, भुसा बेचने का वीडियो वायरल
अखरार धान खरीदी केंद्र में अनियमितताओं का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि केंद्र पर ग्राउंड में किसानों की सुविधा के लिए बिछाए गए भुसा (पराली) को अवैध रूप से बेचा जा रहा है।
इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब झलरी निवासी संजू बघेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि वीडियो में संजू बघेल अपने 407 माजदा वाहन में भुसा भरवाते हुए नजर आ रहे हैं। इस दृश्य के सामने आने के बाद केंद्र की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि धान खरीदी केंद्र पर भुसा बिछाने का उद्देश्य धान को सुरक्षित रखना होता है, लेकिन यदि उसी सामग्री को बेच दिया जा रहा है, तो यह स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन और भ्रष्टाचार का मामला है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी हुई है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।