विशेष संवाददाता मुंगेली
मुंगेली: मुंगेली के ग्राम डाड़ भटगांव में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि कुछ बदमाशों ने लाठी, रॉड और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपी सनी भार्गव, उसके भाई-भतीजे प्रेम भार्गव, राखी भार्गव, हर्ष भार्गव और बबन भार्गव ने एक राय होकर अनंत सोनवानी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने अनंत सोनवानी के सिर पर प्राणघातक वार किया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे गुजरात सिंह सोनवानी, गंगा सोनवानी और प्रकाश सोनवानी पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय मुंगेली में भर्ती कराया गया, जहां अनंत सोनवानी की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
मामला पथरिया थाना क्षेत्र का है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही थाना प्रभारी गिरजा शंकर यादव पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया है कि गंभीर मामले के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उच्च अधिकारियों से कार्यवाही करने की बात कही है।
