सड़क पर कीचड़-मलबा, लोगों का चलना हुआ मुश्किल

Mud and debris on the road; movement has become difficult for people.

राहौद : नगर पंचायत राहौद के वार्ड क्रमांक 11 व 12 में मुख्य कुटी मार्ग से पकरिया रोड जाने वाले मार्ग पर चल रहे नाली निर्माण कार्य ने स्थानीय नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर छोड़ी गई मिट्टी, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री करीब एक माह से नहीं हटाई गई है।

हल्की वर्षा होते ही पूरी सड़क कीचड़ और जलभराव में तब्दील हो जाती है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य प्रगति पर है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि आमजन की सुविधा और सुरक्षा की अनदेखी की जाए। निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है कि प्रतिदिन कार्यस्थल की सफाई कर सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखे, लेकिन मौके पर ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है। सड़क पर फैले मलबे और कीचड़ के कारण दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।

नियमित निगरानी तो एक माह से क्यों पड़ा है मलबा

नगरवासियों ने इस मामले में केवल ठेकेदार ही नहीं, बल्कि नगर पंचायत के प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित तकनीकी अमले की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है, तो फिर एक माह से सड़क पर पड़ा मलबा और जलभराव क्यों बना हुआ है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि निर्माण एजेंसी को मनमानी करने की खुली छूट मिल गई है।

ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ सड़क की तत्काल सफाई कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की गई है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो बरसात के दौरान लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।

Exit mobile version