छत्तीसगढ़ में मानसून की फिर दस्तक

Monsoon returns to Chhattisgarh

रायपुर। प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। लगातार बारिश के बाद बारिश ने तीन दिन का ब्रेक ले लिया है, जिससे राजधानी समेत कई जिलों में उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज से फिर बारिश के आसार जताए हैं।

सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाडा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गररयाबंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में आगामी कुछ घंटों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा व बारिश का अलर्ट जारी किया है।

रायपुर में बादल रहे, बारिश नहीं

राजधानी में शुक्रवार को सुबह से बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन वर्षा दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 78 और शाम को 56 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश में रघुनाथनगर, कुसमी और बड़ेबचेली में सर्वाधिक 50 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सरोना में 40 मिलीमीटर तथा कोरबा, बैकुंठपुर, लैलूंगा, शंकरगढ़, मुंगेली और प्रेमनगर सहित कई क्षेत्रों में 30 मिमी बारिश हुई। बिलासपुर में 190 मिमी, पेण्ड्रारोड में 80 मिमी, अंबिकापुर में 130 मिमी और जगदलपुर में 130 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

आज से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। दो दिन बाद फिर मानसून के सक्रिय होने के संकेत हैं। रायपुर में 11 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

Exit mobile version