छत्तीसगढ़
इस्पात मंत्रालय द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र का राजभाषायी निरीक्षण संपन्न
Ministry of Steel conducts official language inspection of Bhilai Steel Plant

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन की स्थिति का जायज़ा लेने भारत सरकार, इस्पात मंत्रालय की ओर से द्विसदस्यीय दल ने 29 जनवरी 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र का निरीक्षण किया। दल में संयुक्त निदेशक (राजभाषा) श्री आनंद भोई एवं वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी श्री संदीप मलिक शामिल थे।
निरीक्षण दल ने भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात भवन, तृतीय स्थल, राजभाषा विभाग में जाकर भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित राजभाषा नीति के अनुपालन क्रम में संयंत्र द्वारा किए जा रहे कार्यों का सूक्ष्मतापूर्वक अवलोकन किया एवं हिंदी के क्षेत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रकाशनों, आयोजनों तथा राजभाषा नीति के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों का अध्ययन किया। उन्होंने संसदीय राजभाषा समिति के द्वारा किए जाने वाले निरीक्षण के क्रम में विभिन्न मानदंडों के अनुरूप निर्धारित प्रश्नावली के आधार पर भिलाई इस्पात संयंत्र का निरीक्षण किया।

सर्वप्रथम संयुक्त निदेशक (राजभाषा) श्री आनंद भोई एवं वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी श्री संदीप कुमार मलिक ने भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क व प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी से भेंट की व भिलाई इस्पात संयंत्र में हिंदी के प्रयोग की स्थिति एवं राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के विषय में जाना। तत्पश्चात उन्होंने राजभाषा विभाग का निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत उन्होंने प्रश्नावली के विभिन्न निर्धारित बिंदुओं के आधार पर राजभाषा विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों को प्रशंसनीय बताया इसके बाद उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन), श्री पवन कुमार से सौजन्य भेंट की व भिलाई इस्पात संयंत्र में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन तथा भावी कार्यक्रमों के विषय में चर्चा की।

निरीक्षण दल ने हिंदी के क्षेत्र में किए जा रहे सभी कार्यों को सराहनीय बताते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के द्वारा हिंदी सहित अन्यान्य क्षेत्रों में किया जा रहे प्रयासों को भी अत्यंत सराहनीय निरूपित किया व कहा कि राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में भिलाई हमेशा अग्रणी रहा है व इस दिशा में लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित राजभाषा नीति का अनुपालन केन्द्र सरकार के सभी उपक्रमों, विभागों, प्रतिष्ठानों, बैंक तथा बीमा कंपनियों को अनुपालन करना होता है। इन कार्यालयों में समस्त कार्यालयीन कामकाज हिंदी में संपादित किए जाने के लिए जो नियम तय किए गए हैं, उनका अनुपालन सुनिश्चित किए जाने की दिशा में संबंधित मुख्यालय, मंत्रालय तथा संसदीय समिति के द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है, जिनका उद्देश्य न केवल राजभाषा हिंदी का प्रचार-प्रसार करना होता है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाना भी होता है, कि समस्त कार्यालयीन कामकाज हिंदी में ही किए जाएँ।




