मेसी का इंटरनेशनल करियर खत्म, भावुक होकर बोले- अपना सब कुछ दे दिया

Messi's international career ends; says emotionally, "I gave it my all."

नई दिल्ली। अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल (Messi International Retirement) से संन्यास लेने का फैसला किया है। 2026 फीफा विश्व कप फाइनल को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला बनाने के बाद 39 वर्षीय मेसी ने इंस्टाग्राम पर हस्तलिखित पत्र की तस्वीर साझा कर यह जानकारी दी।

भावुक पोस्ट में सुनाया अपना फैसला
मेसी ने लिखा कि फाइनल के बाद काफी समय बीतने और बहुत सोच-विचार करने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम से अलग होने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्हें बहुत दुख देता है, लेकिन वह मानते हैं कि अब सही समय आ गया है।

अर्जेंटीना के लिए 125 गोल कर चुके मेसी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय टीम की जर्सी के लिए हमेशा अपना सब कुछ दिया और प्रशंसकों को फुटबॉल के जरिए अर्जेंटीना होने पर गर्व कराने की कोशिश की।

युवाओं के लिए छोड़ रहे जगह
मेसी ने अपने संदेश में कहा कि अब ज्यादा समय नहीं बचा है और उनके करियर का यह अध्याय बंद हो रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम में रहना उन्हें हमेशा पसंद रहा है, लेकिन उनके पास अब देने के लिए कुछ और नहीं है। उन्होंने आने वाले युवा खिलाड़ियों को टीम में जगह पाने का हकदार बताया।

2016 में भी लिया था संन्यास
मेसी इससे पहले 2016 में भी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर चुके थे। हालांकि, काफी मान-मनौव्वल के बाद उन्होंने अर्जेंटीना के लिए दोबारा खेलना शुरू किया था।

2026 विश्व कप में मेसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ गोल और चार असिस्ट किए। सात मुकाबलों में उन्होंने अर्जेंटीना के 12 गोल में सीधा योगदान दिया। हालांकि, फाइनल में अर्जेंटीना को स्पेन से 1-0 की हार मिली। मेसी ने अपने परिवार, कोच, साथियों और मैनेजर का भी आभार जताया। अगस्त की शुरुआत में उन्होंने पिता होर्गे की 68 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद हुई मौत के बाद अपने फुटबॉल भविष्य पर विचार करने की बात कही थी।

Exit mobile version