गरियाबंद में मेगा क्रेडिट मेला: हितग्राहियों को 26 करोड़ से अधिक का ऋण वितरण
Mega Credit Fair in Gariaband: Loans worth over ₹26 crore disbursed to beneficiaries.
लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद : गरियाबंद में जिला स्तरीय मेगा क्रेडिट एवं ऋण मेला का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत गरियाबंद में आयोजित इस मेगा क्रेडिट मेले में विभिन्न हितग्राहियों और स्व-सहायता समूहों को 26 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की ऋण राशि वितरित की गई। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण से संबंधित दस्तावेज प्रदान किए और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।कलेक्टर ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं अब उद्यमी के रूप में भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और शाम के समय बच्चों से स्कूल में पढ़ाई के बारे में पूछने की अपील की।
कलेक्टर ने लोगों को नशे से दूर रहने, महतारी वंदन योजना की राशि का सदुपयोग करने और कठिन समय के लिए बचत करने की भी अपील की। साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की बात कही।मेगा क्रेडिट मेले में ऋण से ट्रैक्टर खरीदने वाले चार हितग्राहियों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। प्रधानमंत्री खाद्य उन्नयन योजना के तहत 8 लाख रुपये का चेक वितरित किया गया, जबकि पीएम अजय योजना के तहत 9 हितग्राहियों को 9 लाख 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।



