पुरानी रंजिश में मेडिकल छात्र का अपहरण

Medical student kidnapped over old enmity

बिलासपुर. स्कूल की एक छोटी सी बात का बदला कोई सालों बाद इस तरह ले सकता है, यह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। बिलासपुर में पुराने सहपाठियों की रंजिश ने ऐसी खौफनाक शक्ल ले ली कि जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र को मिलने के बहाने बुलाया गया और फिर कार में अगवा कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

करीब एक घंटे तक छात्र को चलती कार में पीटा गया और लहूलुहान हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया गया। आखिर स्कूल की ऐसी कौन सी बात थी, जिसे लेकर सालों बाद यह खूनी रंजिश सामने आई? पूरा मामला बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में चौथे सेमेस्टर का छात्र अरिहंत दीक्षित दिवाली की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। इसी दौरान मंगलवार शाम उसके पुराने स्कूली साथियों ने उसे मिलने के बहाने नूतन चौक बुलाया। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसे जबरन कार में बैठा लिया गया और कोनी क्षेत्र की सुनसान सड़कों पर ले जाकर करीब एक घंटे तक लात-घूंसों से उसकी पिटाई की गई। इस पूरी घटना के पीछे स्कूल के दिनों की पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, डीएवी स्कूल में पढ़ाई के दौरान कुछ सहपाठियों ने अरिहंत की टोपी खींच दी थी, जिसकी शिकायत उसने शिक्षक से कर दी थी। इसी बात पर शिक्षक की फटकार से नाराज सहपाठियों ने कथित तौर पर सालों बाद इस वारदात को अंजाम दिया। मारपीट के बाद आरोपी छात्र को नूतन चौक के पास छोड़कर फरार हो गए। घायल छात्र ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने रितिक मिश्रा, सिद्धि विनायक सोनकर और आदित्य सरकार के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version