मध्यप्रदेश

प्रदेश में शहरों से लेकर ग्रामीण अंचल तक सुदृढ़ होंगी चिकित्सा सुविधाएँ

Medical facilities will be strengthened from cities to rural areas in the state.

 रिपोर्टर : सुभाष मिश्रा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्यामशाह मेडिकल कॉलेज में 350 करोड़ के कार्यों का किया भूमिपूजन
आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में होंगे 50 मेडिकल कॉलेज
रीवा, मप्र | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में शहरों के साथ-साथ ग्रामीण स्तर तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। वर्ष 2003 के पूर्व प्रदेश में मात्र 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि आने वाले दो वर्षों में यह संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी। मुख्यमंत्री शनिवार को रीवा स्थित श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में 350 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्यामशाह मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत संचालित अस्पतालों एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में कुल 2440 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध होगी। कैंसर यूनिट की स्थापना से विन्ध्य अंचल के मरीजों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें जांच से लेकर बेहतर उपचार की सुविधा यहीं उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए प्रारंभ की गई एयर एम्बुलेंस सेवा से बड़ी संख्या में मरीज लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री एवं रीवा विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों से रीवा और विन्ध्य क्षेत्र विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी किया।
रीवा के लिए सौगात का दिन – उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आज का दिन रीवा के लिए सौगात का दिन है। श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पतालों के लिए 350 करोड़ रुपये की लागत से पुराने अस्पताल भवनों, डॉक्टर क्वार्टर्स तथा अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले रीवा में केवल 60 एमबीबीएस सीटें थीं और भवन भी काफी पुराना हो चुका था। अब सीटों में वृद्धि के साथ नवीन भवन, आधुनिक उपकरण और सुविधाएँ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम हैं।
उन्होंने कहा कि 200 बिस्तरों का कैंसर अस्पताल बनने से जांच एवं उपचार की सुविधा यहीं उपलब्ध होगी। प्रदेश के पुराने 5 मेडिकल कॉलेजों के नवीनीकरण के लिए भी मुख्यमंत्री द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में कायाकल्प – सांसद
सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि आज का दिन स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से कायाकल्प का दिन है। कैंसर यूनिट की स्थापना विन्ध्यवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश-प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान रीवा द्वारा मुख्यमंत्री का दिव्य गुणों की माला पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पार्षदगण, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल, चिकित्सकगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
परियोजना का विवरण
मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा श्यामशाह मेडिकल कॉलेज परिसर में नवीन चिकित्सा एवं आवासीय भवनों का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना की कुल लागत 321.94 करोड़ रुपये तथा कुल क्षेत्रफल 1,17,000 वर्गमीटर है। इसे पूर्ण करने की अवधि 3 वर्ष निर्धारित की गई है। परियोजना के अंतर्गत 740 बिस्तरीय मातृत्व एवं शिशु अस्पताल, 250 बिस्तरीय सर्वसुविधायुक्त कैंसर यूनिट, 200 बिस्तरीय ओपीडी ब्लॉक, नर्सिंग कॉलेज, नर्सिंग हॉस्टल तथा डॉक्टर व स्टाफ के लिए आवासीय भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त अस्पताल परिसर में मल्टी-लेवल पार्किंग एवं संपूर्ण कैम्पस का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। साथ ही 25 करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विस्तारीकरण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।

Related Articles

Back to top button