छत्तीसगढ़

दिल्ली आंदोलन के समर्थन में मैनपुर में छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की विशाल रैली, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की उठी मांग

Massive rally by students and social activists in Mainpur in support of the Delhi movement; demand raised for transparency in the education system.

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद 

गरियाबंद जिले के मैनपुर तहसील मुख्यालय में दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियो ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने रैली निकालकर लोकतांत्रिक आंदोलन के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।

रैली मैनपुर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर लोकतंत्र, शिक्षा और छात्रों के अधिकारों से जुड़े नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने देश की शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने हाल ही में सामने आए नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

रैली के समापन पर प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन मैनपुर एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा लोकतांत्रिक आंदोलनों का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इस प्रदर्शन में छात्र संगठनों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। भारी बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह देखने लायक रहा और उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एकजुटता का परिचय दिया।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button