दुर्ग। गर्मी के मौसम में बच्चों और युवाओं के बीच लोकप्रिय भीम का मैंगो आईस कैंडी दुर्ग जिले में प्रतिबंधित कर दी गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायपुर मुख्यालय के निर्देशों के बाद यह कदम उठाया है। इस लोकप्रिय कैंडी के असुरक्षित पाए जाने की खबर से शहर में हड़कंप मच गया है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कुछ समय पहले उक्त आईस कैंडी के नमूने गुणवत्ता और मानक की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए थे। खाद्य विश्लेषकों द्वारा दी गई रिपोर्ट ने सभी को चौंका दिया, जिसमें इस कैंडी को असुरक्षित’ घोषित किया गया है। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और विनियम 2011 के तहत इस उत्पाद के संबंधित बैच नंबर की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है।
बेचते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने जिले भर के सभी कैंडी विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने स्टॉक से इस उत्पाद को तुरंत हटाएं। निरीक्षण के दौरान यदि कोई दुकानदार प्रतिबंधित कैंडी बेचता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बिक्री की सूचना प्रशासन को दें
खाद्य विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सेहत को देखते हुए इस प्रतिबंधित उत्पाद का सेवन बिल्कुल न करें। यदि कहीं भी इस कैंडी की बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत विभाग को सूचित करें ताकि समय रहते अन्य बच्चों को इस खतरे से बचाया जा सके।
