अंबिकापुर : रूहानी ताकतों का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के बैतीकला चांदा निवासी नौशाद अली ने सरगुजांचल के लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर ली। वह खुद को रूहानी ताकत का मालिक तथा खुदा का मसीहा बताता था। खुद को जौनपुर जिले का गद्दीनशीन बताने वाला नौशाद शहर में जहां रुका था उसका नाम बाबे शीफ़ा (इलाज का दरवाजा) रखा था। वह खुद को पीर प्रचारित कर चुका था।
संतान होने,बीमारी ठीक करने,नौकरी लग जाने उसने लोगों से बड़ी रकम ठग ली। किसी का भी भला नहीं हुआ। मंगलवार की रात लोगों ने उसका आवास घेर लिया। उसके घर पर नहीं होने का दावा कर किसी को भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। रात में ही लोगों की भीड़ थाने पहुंच गई। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने नौशाद अली को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध प्राथमिकी की गई है।
आरोपित नौशाद अली लगभग नौ माह पहले अंबिकापुर आया था।रसूलपुर मोहल्ले में वह दीपक खान के घर में रहने लगा।वह खुद को रूहानी ताकतों से परिपूर्ण बताता था। उसने खुद को सूफी सय्यद बाबा के नाम पर प्रचारित कर लोगों को झांसा देना शुरू कर दिया। बीमारी ठीक करने,निःसंतान दंपती का संतान होने ,बेरोजगारों को नौकरी के नाम पर वह रात को लोगों को बुलवाता था। कुछ ही दिनों में उसका धंधा चल निकला। लोगों की भीड़ उसके पास जुटने लगी थी।
नजराना के नाम पर उसने लोगों से नकदी और फोन पे के माध्यम से रकम ली। जिस किसी से भी रकम लेता तो यह जरूर बोलता था कि यह बात किसी को न बताए। जब काम हो जाए तो लोगों को बताने के लिए प्रेरित करता था। जादू-टोना और अलग अंदाज से बातचीत ने लोगों को प्रभावित किया।
लोग उसे रकम देते रहे लेकिन किसी का काम नहीं हुआ। तब धीरे-धीरे बात खुलनी शुरू हुई। पता चला कि कई लोगों से उसने ठगी कर ली है। तब लोग उसके विरोध में खड़े हो गए। मकान घेरने के साथ ही भीड़ थाने भी पहुंच गई। तब पुलिस ने आरोपित नौशाद अली को गिरफ्तार कर लिया।
इन लोगों के साथ की गई ठगी
बैकुंठपुर निवासी बाबा खान के यहां बच्चे की तबीयत खराब थी। बीमारी ठीक करने का दावा कर उनसे लगभग नौ लाख रुपये ले लिए। बच्चे की तबीयत ठीक नहीं हुई। ऐसे ही कई लोगों से उसने भला करने के नाम पर ठगी कर ली है।
शहर के यासीर खान से 75 हजार रुपये, आदिल से 10 हजार रुपये, सोएब अख्तर से 20 हजार रुपये, समीर सिद्दीकी, लारेब अहमद से 20-20 हजार रुपये वसूल किए गए।
रसूलपुर के शाहिद नामक लोगों से लगभग चार लाख रुपये की ठगी की गई। इन सभी को अलग-अलग समस्या निवारण करने का झांसा देकर ठगी की गई।
धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नौशाद अली ने प्रतिदिन धर्म के नाम पर लोगों को बहला-फुसलाकर लाखों रुपये की ठगी की। धार्मिक भावनाओं को आहत किया।
अवैध धन अर्जित करने के लिए धर्म के नाम पर लोगों को बरगलाया। उसके निशाने पर 25 से 35 वर्ष के युवा रहते थे जिन्हें वह बरगलाता था कि उसमें रूहानी ताकत है,वह उन सभी का भला कर सकता है।
शिकायतकर्ताओं का दावा आ की यदि बारीकी से जांच कराई जाए तो कई और लोगों से ठगी का राजफाश होने की संभावना है।
वर्जन –
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया गया है। अभी तक जो जानकारी है उसके अनुसार लगभग 15 लाख की ठगी की गई है। हमारे समाज में सैय्यद का बड़ा सम्मान होता है। सैय्यद का नाम लेकर लोगों को ठगा गया है। किसी का भी कोई काम नहीं हुआ। विरोध करने पर वह लोगों तथा उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था। युवाओं और मासूम लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।
अनीस वारसी,अधिवक्ता, अंबिकापुर
