मध्यप्रदेश
प्रहार-2 अभियान में बड़ी सफलता: NDPS और लूट के फरार आरोपी विकास साहू व इमरान शाह गिरफ्तार
Major success in Operation Prahaar-2: Vikas Sahu and Imran Shah, absconding accused in NDPS and robbery cases, arrested

रीवा मप्र| रिपोर्टर – सुभाष मिश्रा

रीवा। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “प्रहार-2” के तहत अमहिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह एवं सीएसपी रितु उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना अमहिया पुलिस ने एनडीपीएस और लूट के मामलों में फरार दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास साहू (27) पिता रामकरन साहू, निवासी निपनिया वार्ड क्रमांक-1 थाना सिटी कोतवाली रीवा तथा इमरान शाह उर्फ इब्बू (26) पिता मुन्ना शाह, निवासी बड़ी दरगाह के पास वार्ड क्रमांक-23 थाना अमहिया शामिल हैं। दोनों के खिलाफ रीवा, सतना और मऊगंज समेत कई जिलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल 2026 की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनडीपीएस के पुराने मामले में फरार आरोपी विकास साहू अपने साथी इमरान शाह के साथ बंधान मोहल्ला के पास सड़क किनारे सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में बैठा हुआ है। सूचना की तस्दीक करते हुए अमहिया पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी विकास साहू ने बताया कि वह अपने साथी इमरान शाह उर्फ इब्बू से नशीली कफ सिरप खरीदकर ग्राहकों को बेचता था। वहीं इमरान शाह ने स्वीकार किया कि वह नशीली कफ सिरप इलाहाबाद (उत्तर प्रदेश) से खरीदकर रीवा में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये नकद, दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय रीवा में पेश किया गया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवा अग्रवाल, उपनिरीक्षक आर.एन. बागरी, प्रधान आरक्षक केमला प्रसाद, आरक्षक आशीष, विकास तिवारी, शंकरदत्त जयसवाल, दिवाकर तिवारी, कौशलेन्द्र और श्याम पांडेय की सराहनीय भूमिका रही।



