समाज कल्याण विभाग की पहल से दिव्यांगजनों को मिली बड़ी राहत
Major relief for persons with disabilities through the Social Welfare Department's initiative.

मोहला में जिला स्तरीय दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर, 76 दिव्यांगजनों के बने प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के संकल्प के अनुरूप समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदेशभर में दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय दिव्यांग प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी कार्ड निर्माण शिविर का आयोजन किया गया।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में तीनों जनपद पंचायतों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे। कुल 185 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। मेडिकल बोर्ड द्वारा परीक्षण के उपरांत 76 पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। जिन हितग्राहियों को विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण की आवश्यकता थी, उन्हें आगे की जांच के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे ने दो दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर तथा 10 हितग्राहियों को यूडीआईडी कार्ड प्रदान किए। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर प्रमाणन, यूडीआईडी कार्ड और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समय पर आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं।
समाज कल्याण विभाग का उद्देश्य ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रदेश के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को प्रमाणन, पहचान और शासकीय योजनाओं से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सशक्त बनाना है।



