रायपुर में कंजर गैंग का बड़ा कारनामा

Major exploit by the Kanjar gang in Raipur

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के तेलीबांधा स्थित iPhone स्टोर में हुई 1.89 करोड़ की 173 आईफोन चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मध्यप्रदेश के कंजर गैंग के आरोपियों ने 8 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए कुछ फोन कोलकाता के चोर बाजार में बेचे।

आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर के दायरे में 1 हजार CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक बाइक की परछाई पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। इसी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस अब तक 125 iPhone बरामद कर चुकी है, जबकि करीब 40 फोन की तलाश जारी है।

इस मामले में मध्यप्रदेश के आरोपी राकेश कंजर और सैफान की गिरफ्तारी हुई है। सैफान ने बिकवाने में मदद की थी। वह विदेश भागने की तैयारी में था, उससे पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 2 आरोपी अभी फरार हैं। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

8 मिनट में चोरी कर फरार हुए आरोपी

पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने बताया कि, 24 अक्टूबर को तीन आरोपी चोरी की गाड़ी से तेलीबांधा स्थित iNext Apple Store पहुंचे थे।

आरोपियों ने महज 8 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। चोर स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान का DVR भी ले गए थे। इस मामले की जांच के लिए 40 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी।

4 राज्यों में भेजी गईं पुलिस टीमें

आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात तक भेजी गईं। जांच में पता चला कि आरोपी 24 अक्टूबर को रायपुर आए थे।

इसके बाद वे देवास गए और 31 अक्टूबर को दोबारा रायपुर पहुंचे। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से उनकी आवाजाही का पता लगाया।

265 किमी पीछा कर पहुंची पुलिस

करीब 265 किलोमीटर के दायरे में 1,000 CCTV फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को एक बाइक की परछाई दिखाई दी।

इसी सुराग को आधार बनाकर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में चोरी के फोन इंदौर के सैफान तक पहुंचने की जानकारी मिली।

जांच में पता चला कि मध्यप्रदेश के देवास निवासी राजेश सिंह झाला (43) गिरोह का सरगना है। उसके खिलाफ चोरी समेत 47 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

रायपुर आकर स्टोर की रेकी की थी

वह अपने बेटे राज झाला और रिश्तेदार राजेश लोधी के साथ वारदात करता था, जबकि सफान चोरी का सामान खपाता था। गिरोह खास तौर पर एप्पल स्टोर को निशाना बनाता था, क्योंकि इनके डिवाइस महंगे होते हैं और इन्हें विदेश में खपाना आसान होता है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में गिरोह ने रायपुर आकर स्टोर की रेकी की थी।

इसके बाद जोरा मॉल की पार्किंग से बाइक चोरी की और उसे महाराष्ट्र के सकोली के जंगल में छिपाकर देवास लौट गया। 31 अक्टूबर को तीनों आरोपी दोबारा रायपुर पहुंचे और रात में स्टोर का शटर तोड़कर आईफोन समेत अन्य डिवाइस चोरी कर फरार हो गए।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने वारदात के समय किसी मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल नहीं किया था। चोरी की बाइक की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर भी बदल दिए थे।

बाइक की परछाई के सहारे जंगल तक पहुंचे

वारदात के बाद पुलिस ने सबसे पहले स्टोर और आसपास लगे करीब 100 कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला। हमने जांच का दायरा बढ़ाया तो करीब 20 किमी दूर कुम्हारी में संदिग्ध बाइक का फुटेज मिला। टीम ने गौर किया कि बाइक की खराब हेडलाइट के कारण उसकी परछाई अर्धचंद्राकार दिखाई दे रही थी।

अलग-अलग जगहों के फुटेज में भी यही समानता मिली। इसी पहचान के सहारे पुलिस महाराष्ट्र के सकोली के जंगल तक पहुंची। इसके आगे कोई फुटेज नहीं मिला। टीम ने चार दिन तक जंगल में तलाश की, तब जाकर बाइक बरामद हुई।

AI से बनाई संदिग्ध की तस्वीर, देवास में पहचान

265 किमी के रास्ते में कैमरों की जांच में पुलिस को एक संदिग्ध का धुंधला फुटेज मिला था। एआई से संभावित तस्वीर बनवाई गई। यह तस्वीर ऑल इंडिया पुलिस ग्रुप में साझा की गई। देवास पुलिस ने तस्वीर देखकर संदिग्ध की पहचान हिस्ट्रीशीटर राजेश झाला के रूप में की।

फिर स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। यह रायपुर पुलिस के लिए जांच का सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ। राजेश से मिली जानकारी से पुलिस ने सफान के बड़वानी स्थित मकान पर छापा मारा। वहां लेन-देन की जांच में पता चला कि वारदात के छह दिन बाद उसके खाते में कोलकाता से 5 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे।

पुलिस ने कोलकाता में सफान की बहन के घर छापा मारा और पूछताछ की। तब पुलिस सफान तक पहुंच गई।

भेष बदलकर सैफान के घर पहुंची पुलिस

चोरी के सामान की कड़ी इंदौर तक पहुंचने के बाद पुलिस ने भेष बदलकर सैफान के घर की निगरानी की। लगातार जांच और पीछा करने के बाद पुलिस ने अब तक 125 iPhone बरामद किए हैं। करीब 40 फोन अभी बरामद किए जाने बाकी हैं।

Exit mobile version