रायपुर। धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा स्थित गोदावरी पावर इस्पात में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री के अंदर टेंपरेचर कंट्रोल मशीन का मुआयना करने पहुंचे मजदूरों पर अचानक लोहे का भारी शेड गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में करीब आधा दर्जन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा शाम करीब चार बजे हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूत्रों के मुताबिक, टेंपरेचर कंट्रोल मशीन में तकनीकी खामी आ गई थी। मेंटेनेंस कार्य के बाद मशीन चालू नहीं होने पर मजदूर और तकनीकी अधिकारी जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान ऊपर से कंट्रोल होने वाला शटर बंद नहीं हुआ और अचानक लोहे का बड़ा शेड नीचे गिर पड़ा। शेड बेहद गर्म था, जिससे कई मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे में अधिकारी वर्ग के लोग भी शेड की चपेट में आए होने की आशंका है।
रायपुर के गोदावरी प्लांट में बड़ा हादसा
Major accident at Raipur's Godavari plant
