छत्तीसगढ़

ऑनलाइन होटल बुकिंग के चक्कर में 90 हजार गंवाए

Lost ₹90,000 while trying to book a hotel online.

रायपुर। जगन्नाथ पुरी में होटल बुक करने के लिए गूगल से नंबर निकालकर फोन करना रायपुर की युवती को महंगा पड़ गया। ठगों ने गूगल पर फर्जी होटल वेबसाइट बनाकर पहले कमरे की बुकिंग के लिए एडवांस लिया।

इसके बाद तकनीकी खराबी और रिफंड का झांसा देकर छह बार में 90,249 रुपए ट्रांसफर करा लिए। न होटल बुक हुआ और न ही रकम वापस मिली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

गूगल पर मिली होटल की वेबसाइट, वाट्सएप पर किया संपर्क

गोबरा नवापारा के सदर रोड निवासी तोषिबा सिन्हा 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने 7 अक्टूबर को जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान ठहरने के लिए ऑनलाइन होटल तलाशा।

गूगल पर सर्च करने पर उन्हें ‘एसकेएस बीच होटल स्पा’ नाम की वेबसाइट मिली। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर वाट्सएप से संपर्क करने पर दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपए बताया गया।

बुकिंग के लिए 50 प्रतिशत एडवांस यानी 7 हजार रुपए क्यूआर कोड के जरिए भेजने को कहा गया।

रिफंड के नाम पर बार-बार कराया भुगतान

युवती ने 7 हजार रुपए भेजने के बाद बुकिंग की रसीद मांगी। इस पर सामने वाले ने सिस्टम में तकनीकी दिक्कत आने की बात कही और रिफंड के नाम पर दोबारा भुगतान कराने लगा। युवती को लगा कि पहले भेजी गई रकम वापस मिल जाएगी, इसलिए वह ठग के निर्देशों का पालन करती रही।

ठग ने कभी सर्वर फेल होने तो कभी एरर आने का बहाना बनाकर उससे 7,049 रुपए, दो बार 14,049 रुपए, फिर 28,099 रुपए और आखिर में 19,999 रुपए ट्रांसफर कराए। इस तरह छह ट्रांजेक्शन में युवती के खाते से कुल 90,249 रुपए निकल गए।

नंबर बंद मिला, तब ठगी का पता चला

रकम कटने के बाद भी होटल की बुकिंग नहीं हुई। युवती ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद उसने गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button