रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहे लोकायुक्त संगठन ने गुरुवार को त्यौंथर तहसील कार्यालय में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए बाबू अनिल त्रिपाठी को 9500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने यह कार्रवाई की। शिकायतकर्ता अजय मिश्रा निवासी ग्राम डाढाकला, पोस्ट चंद्रपुर, थाना जनेह, तहसील त्यौंथर ने 4 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल कुमार त्रिपाठी द्वारा प्रकरण के निराकरण और पक्ष में फैसला करवाने के नाम पर 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। साथ ही बेदखली की कार्रवाई का डर दिखाकर दबाव बनाया जा रहा था।
लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ट्रैप दल गठित किया गया। गुरुवार 7 मई को तहसीलदार कार्यालय त्यौंथर वृत्त चाक के कार्यालय कक्ष में आरोपी को 9500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी अनिल त्रिपाठी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा श्री प्रवीण सिंह परिहार ने किया। ट्रैप दल में निरीक्षक एस. राम. मरावी सहित 12 सदस्यीय टीम और स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल लोकायुक्त कार्यालय या दूरभाष के माध्यम से शिकायत करें।
