
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। इस बीच सरगुजा जिले के डुमकी गांव में बिजली गिरने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
हादसे के वक्त सागर (5), रानी (9) और राम साय (36) आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी बिजली गिरने से चपेट में आए तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, सागर की 12 वर्षीय बड़ी बहन श्रद्धा गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसका इलाज जारी है।
वहीं बिलासपुर सोमवार शाम आंधी-तूफान के साथ हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। कलेक्टर बंगले के पास एक बड़ा पेड़ गिरने से कार डैमेज हो गई, हालांकि कार सवार सुरक्षित बच गए।
पेड़ गिरने से बिजली के तार टूटने के कारण पूरे इलाके की बत्ती गुल हो गई। रायगढ़ में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।
अगले एक सप्ताह तक अलग-अलग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।



