रीवा – मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि पूर्व मंत्री स्व. रमाकांत तिवारी सुचिता और आदर्श राजनीति के प्रतीक थे। वे एक जुझारू नेता होने के साथ-साथ जन-जन के हितैषी और दीन दुखियों के सच्चे साथी थे।

चाकघाट नेहरू स्मारक कॉलेज में आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होकर उप मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्री तिवारी अन्याय-अत्याचार के खिलाफ वज्र के समान कठोर थे, लेकिन जरूरतमंदों की मदद के लिए फूल से भी कोमल थे।
श्री शुक्ल ने कहा कि स्व. तिवारी जी ने सदैव सुचिता की राजनीति की। समाज के अंतिम छोर तक मदद पहुंचाना उनका उद्देश्य था। उन्होंने प्रेरणा स्रोत के रूप में पं. अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि स्व. तिवारी भी इसी राह पर चलते हुए जनसेवा में जुटे रहे।
हर साल होगी पुण्यतिथि पर स्मृति सभा
उन्होंने कहा कि स्व. रमाकांत तिवारी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके आदर्शों का अनुसरण किया जाए। हम सभी प्रतिवर्ष इस कार्यक्रम में उन्हें स्मरण करते रहेंगे और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेंगे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने स्व. तिवारी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, गंगेव जनपद अध्यक्ष विकास तिवारी, विद्याप्रकाश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित रहे।
आयोजक कौशलेश तिवारी (तिवारी लाल) ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
