लोकेशन – रीवा रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। जवा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनी कला में विकास कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ते नज़र आ रहे हैं। पंचायत के सरपंच केदार साहू और सचिव पर आरोप है कि पीसीसी सड़क और नाली निर्माण में जमकर धांधली की जा रही है। हालात ये हैं कि पंचायत की राशि को कागज़ों में खपाया जा रहा है, जबकि ज़मीन पर घटिया स्तर के निर्माण कार्य खड़े किए जा रहे हैं।
कटिहाई टोला में चल रहे नाली निर्माण में क्षेत्रीय नदी की बालू और कम मात्रा में सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है। इससे नाली की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं और ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्माण ज्यादा दिन टिकने वाला नहीं है।
सबसे गंभीर बात यह है कि जनपद सीईओ और अन्य जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण करने की बजाय कागज़ों पर खानापूर्ति कर रहे हैं। जब ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का विरोध किया, तो सरपंच समर्थक लोगों ने दबंगई और दादागीरी दिखाकर आम जनता को चुप कराने की कोशिश की।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर कोनी कला पंचायत की सही तरीके से जांच की जाए, तो बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा हो सकता है। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ और जनपद सीईओ से तत्काल जांच कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
