बलरामपुर/प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर जिला मुख्यालय बलरामपुर के बाजार टांड़ में एक दिवसीय किसान धरना-प्रदर्शन एवं सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों की विभिन्न समस्याओं तथा 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजीव तिर्की ने किया। सभा को संबोधित करते हुए सामरी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय पैकरा ने बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि तथा इससे किसानों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती-किसानी में लगातार बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी स्थिति प्रभावित हो रही है।
सभा को जिला उपाध्यक्ष विवेक सिंह देव, संतोष यादव, अर्जुन यादव, किसान कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष समर बहादुर सिंह, पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष कृपाशंकर, शंकरगढ़ के सरपंच सुनील पैकरा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और किसानों की मांगों के समर्थन में अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अविनाश सिंह, नरेंद्र सिंह खैरवार, ललन तिवारी, अक्षय सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रभारी अप्पू सोनी भी मौजूद रहे।
धरना-प्रदर्शन के बाद किसानों की मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।
