डी.ए.वी. जांता के कबड्डी चैंपियंस और गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ियों का दिल्ली कूच, राष्ट्रीय मंच पर करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

Kabaddi champions and gold medalists from D.A.V. Janta head to Delhi; will represent Chhattisgarh on the national stage.

*•छत्तीसगढ़ में स्पोर्ट्स में कबड्डी चैंपियन और एथलेटिक्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले बेमेतरा के जाबांज खिलाड़ी पहुंचे देश की राजधानी

*• 24, 25 और 26 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे अपना दमखम, बेमेतरा जिले में जश्न का माहौल

बेमेतरा। शिक्षा, संस्कार और खेलों के शीर्ष केंद्र डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जांता (बेमेतरा) के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। डी.ए.वी. क्लस्टर,ज़ोनल स्तर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में अभूतपूर्व और धमाकेदार प्रदर्शन करने के बाद, विद्यालय का यह विजयी दल अब देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना हो चुका है। क्लस्टर व ज़ोनल स्तर पर अपनी जीत का लोहा मनवाने वाले ये खिलाड़ी 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।

हाल ही में संपन्न हुई डी.ए.वी. क्लस्टर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में जांता के रणबांकुरों ने चारों तरफ अपनी जीत का परचम लहराया। नंदिनी में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज खेल कौशल के दम पर अंडर-14 बालिका, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका – इन मुख्य वर्गों में स्थान बनाकर ‘ऑल-राउंडर कबड्डी चैंपियन’ बनने का ऐतिहासिक गौरव हासिल किया।

एथलेटिक्स में भिलाई के मैदान पर दौड़ा जांता का ‘गोल्ड’

सेक्टर-2, भिलाई में आयोजित क्लस्टर एथलेटिक्स में विद्यालय के एथलीटों ने मैडल की झड़ी लगा दी। अंडर-17 वर्ग में सीताराम ने अपनी चीते जैसी रफ्तार का प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर और 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर दोहरे स्वर्ण पदक (Double Gold Medal) अपने नाम किए। इसी वर्ग में मोहन साहू ने हाई जंप (ऊंची कूद) में पहला स्थान पाकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं अंडर-14 वर्ग के मोहन साहू ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण और 800 मीटर में कांस्य पदक जीता।

प्राचार्य पी. एल. जायसवाल ने दीं शुभकामनाएं: राष्ट्रीय मंच पर चमकेगा बेमेतरा का नाम

इस धमाकेदार सफलता और खिलाड़ियों के दिल्ली रवाना होने पर विद्यालय के प्राचार्य जायसवाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों, खेल प्रभारियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा, “डी.ए.वी. जांता का लक्ष्य सिर्फ किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी खेल प्रतिभा, संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को निखारकर उनका सर्वांगीण विकास करना है। हमारे बच्चे आज क्लस्टर व जोनल लेवल जीतकर दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, यह पूरे बेमेतरा जिले के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर भी स्वर्ण पदक जीतकर लौटेंगे।”

पी टी आई अकलेश पटेल के नेतृत्व में क्लस्टर व जोनल की इस महाजीत के बाद अब इन नन्हे और युवा बालक-बालिका खिलाड़ियों के दिल्ली पहुंचने से पूरे जिले और छत्तीसगढ़ खेल जगत में उत्साह की नई लहर दौड़ गई है। विद्यालय परिवार और समस्त बेमेतरा वासियों ने अपनी शुभकामनाएं भेजते हुए विश्वास जताया है कि ये खिलाड़ी देश की राजधानी में अपनी खेल भावना और कड़ी मेहनत से पूरे देश में छत्तीसगढ़ और बेमेतरा का नाम रोशन करेंगे।

Exit mobile version