रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र में बुधवार को न्यू चिल्ड्रन एकेडमी में पुलिस विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बच्चों को सुरक्षा, नशा–मुक्ति, अनुशासन और ऑपरेशन मुस्कान की विस्तृत जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने कहा कि जिले में ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य है—नाबालिग बच्चों को बहकावे, गलत संगत और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखना। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की लत, डर या असुरक्षा की परिस्थिति में तुरंत अपने शिक्षक को सूचित करें। शिक्षक पुलिस को अवगत कराएंगे और पुलिस बिना नाम उजागर किए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
उन्होंने बच्चों से अनुशासन में रहने, शिक्षा पर फोकस करने और भविष्य के प्रति सजग रहने की अपील की। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस सदैव नागरिकों की सहायता के लिए तत्पर है, छात्र–छात्राएं किसी भी समस्या में निःसंकोच पुलिस से मदद मांग सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक विवेक शुक्ला, प्राचार्य विनीत मिश्रा, आरक्षक सूरज सिंह गहरवार, आरक्षक अभिषेक त्रिपाठी, पत्रकार शिखर सिंह बघेल सहित कई शिक्षक–शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
विद्यालय प्रशासन ने पुलिस विभाग का आभार जताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
