जांजगीर-चांपा। नवरात्रि पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने जांजगीर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में नैला दुर्गा पंडाल और मेले से युवकों के करीब 1700 स्टील के कड़े उतरवाकर जब्त किए गए। इन कड़ों का उपयोग हमले या विवाद की स्थिति में हथियार की तरह किया जा सकता था। कई कड़े इतने भारी थे कि उन्हें खतरनाक हथियार की श्रेणी में रखा जा सकता है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान संदिग्ध युवकों की पहचान की, उनसे कड़े निकलवाए और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग और रात में विशेष गश्त की जा रही है। अभियान की कमान एएसपी उमेश कुमार कश्यप, एएसपी ट्रैफिक उदयन बेहार और थाना प्रभारी मणिकांत पाण्डेय ने संभाली। पुलिस टीम लगातार पंडाल और मेले में पेट्रोलिंग कर रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। जांजगीर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर अब कोई ढील नहीं दी जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि नवरात्रि का पर्व शांति और श्रद्धा के साथ मनाया जा सके।
नवरात्रि पर जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नैला दुर्गा पंडाल में युवकों से 1700 स्टील के कड़े जब्त
Janjgir police take major action during Navratri: 1700 steel bracelets seized from youths at Naila Durga pandal
