घोर नक्सल प्रभावित बण्डापाल में जनचौपाल का आयोजन, 136 आवेदन मिले, 13 का मौके पर निराकरण

कांकेर @ धनंजय चंद। कांकेर जिले के घोर नक्सल प्रभावित बण्डापाल में ग्रामीणों से किये गए वादे के अनुरूप प्रशासन ग्रामीणों के पास एक बार फिर पहुंचा। इस बार यहाँ जिला स्तरीय जन चौपाल शिविर लगाया गया ,जहाँ कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला अपने पूरे प्रशासनिक अमले के साथ पहुंची। शिविर में लगभग 4 से अधिक गांव के ग्रामीण एकत्रित हुए,जिनसे प्राप्त हुए 136 आवेदन में 13 का तत्काल मौके पर निराकरण भी किया गया।


ग्रामीणों की मांग एवं जरूरतों के अनुरूप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण, बोरखनन, पीडीएस गोदाम सहित अन्य कार्यो के लिए लाखों रुपये की स्वीकृति भी त्वरित रूप से प्रदान की गई। जिससे ग्रामीण बेहद खुश नजर आए। विदित हो कि ग्राम बण्डापाल घोर नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण ग्रामीणों को सुविधाएं नही मिल पा रही थी। आज तक जहाँ कोई बड़ा प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंच पाया था,वहाँ माह दिसम्बर 2022 के अंत में एक महिला कलेक्टर ने ग्रामीणों के बीच पहुंच ना केवल उनकी समस्या सुनी थी बल्कि उसे दूर करते हुए दुबारा जल्द आने का भरोसा दिया था,जिसे आज पूरा करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।



