केसीसी लोन दिलाने के नाम पर एक किसान परिवार से लाखों रुपए की ठगी
जांजगीर-चांपा। पुलिस ने सहकारी केंद्रीय बैंक से जुड़े एक बड़े धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए जैजैपुर के वर्तमान विधायक बालेश्वर साहू और एक अन्य आरोपी गौतम राठौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विधायक बालेश्वर साहू पर आरोप है कि उन्होंने अपने पूर्व पद जिला सहकारी समिति बम्हनीडीह के प्रबंधक रहते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन दिलाने के नाम पर एक किसान परिवार से लाखों रुपए की ठगी की। जनप्रतिनिधि पर ही इस तरह के संगीन आरोप लगने से जैजैपुर की जनता में रोष है, जो खुद को ठगा महसूस कर रही है। उनका कहना है कि यदि उनका प्रतिनिधि पहले ही ऐसे “काले कारनामे” कर चुका है, तो विधायक बनकर न जाने क्या-क्या नहीं किया होगा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरसवानी निवासी आवेदक राजकुमार शर्मा ने दो माह पूर्व शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2015 से 2020 के बीच तत्कालीन समिति प्रबंधक बालेश्वर साहू और गौतम राठौर ने राजकुमार शर्मा को उनकी 50 एकड़ जमीन पर केसीसी लोन दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने इस बहाने आवेदक का एचडीएफसी बैंक, चांपा में खाता खुलवाया और उनका ब्लैंक चेक लेकर उनके खाते से 24 लाख रुपए की राशि अवैध रूप से अपने और अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर दी। इसके अतिरिक्त, आरोपियों ने राजकुमार शर्मा, उनकी मां जयतिन शर्मा और पत्नी श्रीमती नीता शर्मा के फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा निशान का उपयोग कर निकासी पर्ची के माध्यम से कुल 42 लाख 78 हजार रुपए की राशि आहरित कर ली।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद, थाना चांपा में दोनों आरोपियों—समिति प्रबंधक (तत्कालीन) बालेश्वर साहू और विक्रेता गौतम राठौर—के विरुद्ध छल-कपट और बेईमानी की नीयत से स्वयं लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से अपराध करने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 420 (धोखाधड़ी), 468 (जालसाजी), 467 (मूल्यवान प्रतिभूति की जालसाजी), 471 (जाली दस्तावेज़ का उपयोग), और 34 (साझा इरादा) भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की विवेचना और जरूरी कानूनी कार्रवाई जल्द की जाएगी।
