गांजा की तस्करी करते उत्तर प्रदेश का अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। गांजा की तस्करी करते उत्तर प्रदेश का अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने तस्कर के पास से 7 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है। जिसकी कीमत 72,000 रूपये बताई जा रही है। दरअसल आरोपी मूलतः उत्तर प्रदेश के निवासी है ।
मिली जानकारी के अनुसार एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट अंतर्गत गठित नारकोटिक्स सेल की टीम को 7 जुलाई को सूचना मिली कि थाना गोलबाजार क्षेत्रांतर्गत सी.एम.ओ. ऑफिस के पीछे दाई कोरा बिल्डिंग के पास एक व्यक्ति अपने पास गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में है। जिस पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम किशन देव यादव निवासी उत्तर प्रदेश का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखें बैग की तलाशी लेने पर बैग में गांजा रखा होना पाया गया। गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा गांजा को जगदलपुर से लाकर उत्तर प्रदेश परिवहन करना बताया गया। जिस पर आरोपी किशन देव यादव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 07 किलो 200 ग्राम गांजा कीमती लगभग 72,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना गोलबाजार में धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई।



