छत्तीसगढ़

सैनिक स्कूल अंबिकापुर में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

International Yoga Day celebrated with enthusiasm at Sainik School Ambikapur.

कैडेट्स, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प

रायपुर । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सैनिक स्कूल अंबिकापुर में रविवार प्रातः विद्यालय परिसर स्थित विक्रम बत्रा ब्लॉक के समक्ष सामूहिक योग सत्र का आयोजन उत्साह एवं अनुशासन के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के कैडेट्स, शिक्षकों, प्रशासनिक कर्मचारियों, पीटीआई स्टाफ, एनसीसी स्टाफ तथा अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के प्रति जागरूक करना था।

योगाभ्यास के दौरान शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता और आत्मिक संतुलन के महत्व को रेखांकित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योग सत्र में भाग लेते हुए स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। विद्यालय की प्राचार्य कर्नल रीमा सोबती ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कैडेट्स, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवन जीने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कैडेट्स के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button