रिपोर्टर : सुभाष मिश्रा
रीवा। तकरीबन एक सप्ताह पूर्व रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सीतलहा के आदिवासी बस्ती में घर के आंगन में सो रही मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद की गई हत्या कर आंगन में शव फेकने के मामले में अब तक खुलासा ना हो पाने के बाद आज पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन महेंद्र सिंह सिकरवार, उप पुलिस महान निरीक्षक रीवा जोन साकेत पांडे, पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह, एएसपी रीवा ग्रामीण विवेक लाल सहित भारी पुलिस बल सितलहा गांव पहुंचे।
जहां घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित के परिजनों से बात की और घटना से जुड़े हर बिंदुओं को बारीकी से समझा और देखा इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने एक टीम का गठन किया है, जो एएसपी विवेक लाल के नेतृत्व में वारदात के खुलासे के लिए काम करेगी। बताया गया है कि इस टीम में दो महिला स्पेशलिस्ट अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।
पुलिस महान निरीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है, साथ ही उनके परिजनों से भी हर पहलू पर बात की जा रही है। कुछ चीजे निकल कर सामने आई है जिसके संबंध में गठित की गई टीम के सदस्यों को बताया गया है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपी तक पुलिस पहुंच जाएगी, उन्होंने बताया कि रीवा पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। घटना बड़ी दुखद है जिसके जल्द खुलासे के प्रयास किया जा रहे हैं।
