मध्यप्रदेश
मामा-भांजे के पैसों के विवाद में मासूम की मौत!
Innocent child dies in a money dispute between uncle and nephew!

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
परिजनों का आरोप – मारपीट में लगी चोट से बच्चे ने तोड़ा दम, एफआईआर की मांग पर अड़े
रीवा जिले के जनेह थाना क्षेत्र में मामा-भांजे के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद एक मासूम की जान ले गया। परिजनों का आरोप है कि झगड़े के दौरान हुई मारपीट में लगी चोट से बच्चे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जनेह निवासी मयंक प्रजापति का अपने मामा से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। 4 अक्टूबर को कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच मयंक की मां गोद में बच्चे को लेकर मौके पर पहुंचीं, तभी किसी ने धक्का दे दिया। बताया गया कि धक्के से मां की गोद से गिरने पर मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बच्चे को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही। इलाज के दौरान 6 अक्टूबर को बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने मामा पक्ष पर आरोप लगाया है कि उनकी मारपीट के कारण ही मासूम की जान गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज नहीं की, जिससे आक्रोशित होकर परिजन बच्चे का शव लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों ने परिवार को समझाइश देकर शांत कराया और शव को त्योंथर मर्चुरी में रखवाया गया।
जनेह थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों पर एफआईआर नहीं होगी, वे न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे।



