सिरमौर के विकास को नई रफ्तार देने की पहल, विधायक ने सीएम योगी से की अहम मुलाकात
Initiative to give new momentum to Sirmaur's development: MLA holds key meeting with CM Yogi.

रीवा मप्र| रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
मानिकपुर–मऊ गढ़ी–सिगमा–कंदैला–कोटा मार्ग निर्माण पर हुई चर्चा, लक्ष्मण बाग़ संस्थान के मंदिरों के संरक्षण और दारागंज के रानी मंदिर को अतिक्रमण मुक्त कराने का भी किया आग्रह

रीवा | सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के विकास और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर विधायक ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उन्होंने सिरमौर विधानसभा का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़ा होने का उल्लेख करते हुए क्षेत्र की व्यापारिक एवं आवागमन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए डभौरा क्षेत्र से जुड़ने वाले मानिकपुर–मऊ गढ़ी–सिगमा–कंदैला–कोटा मार्ग (उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र) के निर्माण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की तथा इसके शीघ्र निर्माण के लिए अनुशंसा की।

विधायक ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।
बैठक के दौरान विधायक ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित लक्ष्मण बाग़ संस्थान (ट्रस्ट) के मंदिरों के संरक्षण, संवर्धन एवं समुचित रख-रखाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। इसके अतिरिक्त उन्होंने रानी मंदिर को अतिक्रमण मुक्त कराने का आग्रह करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह मुलाकात सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



