मध्यप्रदेश

इंदौर-नरसिंहपुर बस दुर्घटना: नीलगाय बचाने में 36 यात्री बाल-बाल बचे

Indore-Narsinghpur bus accident: 36 passengers narrowly escape while trying to save a Nilgai

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे-45 पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गजानन होटल के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पलट गई। सुखद बात यह रही कि बस में सवार सभी 36 यात्री सुरक्षित हैं। हादसा रात करीब 3 बजे का बताया जा रहा है।

इंदौर से सीधी जा रही बस (क्रमांक एमपी 19 जेडजे 8060) जब रौंसरा के नजदीक स्थित गजानन होटल के पास पहुंची, तभी अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। बस चालक ने नीलगाय को बचाने के लिए तेजी से कट मारा, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। बस सड़क की रेलिंग को तोड़ते हुए दूसरी दिशा में जाकर पलट गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सुआतला थाना प्रभारी प्रियंका केवट पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आई हैं। हालांकि, उन्होंने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर अन्य वाहनों का इंतजाम किया और यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।

यात्री की जुबानी : ‘नींद खुली तो बस पलट रही थी’

बस में सवार यात्री डॉक्टर विवेक पटेल ने बताया कि हम भोपाल से बस में सवार हुए थे। स्लीपर बस होने के कारण लगभग सभी यात्री सो रहे थे। अचानक रेलिंग से टकराने की तेज आवाज आई और सबकी नींद खुल गई। पल भर में ही बस दूसरी तरफ जाकर पलट गई। यह ईश्वर की असीम कृपा है कि हम सभी सुरक्षित हैं।

इस दुर्घटना में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हाईवे पर यातायात को सुचारू करने के लिए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया।

Related Articles

Back to top button