निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने किया ध्वजारोहण
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेनगेट परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य ध्वजारोहण समारोह में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने प्रातः 9ः00 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान के साथ ही कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी श्री महापात्र द्वारा आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़कर शांति एवं भाईचारे का संदेश दिया गया।
समारोह के दौरान सीआईएसएफ के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र एवं कमांडेंट (सीआईएसएफ) श्री कुंवर बहादुर ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में सीआईएसएफ के जवानों के विभिन्न प्लाटूनों के साथ महिला सीआईएसएफ कर्मियों, फायर एंड सेफ्टी कर्मियों तथा एनसीसी (आर्मी एवं एयर विंग) कैडेट्स और गाइड्स ने भाग लिया। बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-7, बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-10 एवं भिलाई विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी परेड में सहभागिता की। इसके पश्चात बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। समारोह में श्री महापात्र ने कार्यपालक निदेशकों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ परेड में शामिल विभिन्न प्लाटूनों के प्लाटून कमांडरों एवं अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर कमांडेंट (सीआईएसएफ) श्री कुंवर बहादुर, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (प्रोजेक्ट्स) श्री प्रबीर कुमार सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान), श्री कमल भास्कर तथा चेयरमैन, सेफी एवं अध्यक्ष, ओए-बीएसपी, श्री एन. के. बंछोर सहित मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, ओए एवं यूनियन प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, संयंत्र कर्मी तथा बीएसपी विद्यालयों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (सेल-बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र ने भिलाई इस्पात संयंत्र बिरादरी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि राजनीतिक स्वतंत्रता को आर्थिक मजबूती, औद्योगिक क्षमता, तकनीकी आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक प्रगति के साथ सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में भिलाई इस्पात संयंत्र के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि संयंत्र द्वारा उत्पादित इस्पात रेलवे, अधोसंरचना, रक्षा, विद्युत तथा अन्य रणनीतिक क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
श्री महापात्र ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बीएसपी ने चार ब्लास्ट फर्नेस के माध्यम से 60 लाख टन हॉट मेटल उत्पादन का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल किया, जो संयंत्र की सामूहिक क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं टीम भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय इस्पात नीति के अनुरूप भिलाई इस्पात संयंत्र अब विकास के अगले चरण की ओर अग्रसर है। लगभग 30,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित विस्तार परियोजना के माध्यम से संयंत्र की उत्पादन क्षमता में 34.4 लाख टन की वृद्धि होगी और बीएसपी की कुल वार्षिक क्षमता बढ़कर 102 लाख टन हो जाएगी।
प्रस्तावित विस्तार परियोजना में 5,900 घन मीटर क्षमता वाला ब्लास्ट फर्नेस, 21 लाख टन क्षमता का स्टैम्प-चार्ज्ड कोक ओवन एवं बाई-प्रोडक्ट प्लांट, 34.4 लाख टन क्षमता की स्टील मेल्टिंग एवं थिन-स्लैब कास्ट डायरेक्ट-रोलिंग यूनिट के साथ विभिन्न यूटिलिटी एवं सहायक इकाइयां शामिल होंगी। इस विस्तार के माध्यम से संयंत्र को बाजार की मांग के अनुरूप फ्लैट उत्पादों के क्षेत्र में विविधीकरण के अवसर भी प्राप्त होंगे। श्री महापात्र ने डिजिटलाइजेशन, नवाचार, सतत विकास एवं सुरक्षा को भविष्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कर्मचारियों से जिम्मेदार, अनुशासित एवं नवाचारपरक कार्यशैली के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संयंत्र के प्रमुख स्थानों पर भी संयंत्र के कार्यपालक निदेशक द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस्पात भवन में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम द्वारा, रिफैक्ट्री स्टोर्स में कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए के चक्रवर्ती द्वारा, नगर सेवाएं विभाग में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार द्वारा, एचआर-एल एंड डी सेंटर में कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी के सरकार द्वारा, संयंत्र भवन में कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार द्वारा, एक्सपांशन भवन में कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर द्वारा ध्वजारोहण सम्पन्न किया गया। साथ ही संयंत्र के अन्य सभी विभागों में विभागप्रमुखों द्वारा, इस्पात क्लबों में संबंधित क्लब के अध्यक्षों द्वारा तथा विद्यालयों में विद्यालय प्रमुखों के द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
मेनगेट परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य ध्वजारोहण समारोह का संचालन श्री सुप्रियो सेन और इंस्पेक्टर (सीआईएसएफ) सुश्री मोनिका द्वारा किया गया।
संयंत्र के मुख्य चिकित्सालय में ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भिलाई महिला समाज की पदाधिकारियों द्वारा प्रातः 10ः30 बजे, सेक्टर-9 स्थित जवाहर लाल नेहरु चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र, सभी कार्यपालक निदेशकगण व मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ उदय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ संबिता पंडा, भिलाई महिला समाज की पदाधिकारीगण कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती छवि निगम, उपाध्यक्ष श्रीमती मोली चक्रवर्ती, श्रीमती पूनम कुमार, श्रीमती केका सरकार, श्रीमती स्मिता भास्कर, कोषाध्यक्ष श्रीमती शिखा जैन, सहकोषाध्यक्ष श्रीमती रीता तिवारी सहित अन्य मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित थे। अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ एवं गतिशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सी-आर्म मशीन का उद्घाटन किया गया। सी-आर्म मशीन की उपलब्धता से अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर देशभक्ति एवं विभिन्न गतिविधियों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। श्री महापात्र ने प्रस्तुतियों की सराहना की और चिकित्सालय प्रबंधन को संबोधित करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि डीएनबी चिकित्सकों की उपस्थिति से चिकित्सालय की सेवाओं में वृद्धि सुनिश्चित हुई है। इसी क्रम में भिलाई महिला समाज की सदस्यों द्वारा मुख्य चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरण किया गया। कार्यक्रम का समन्वय भिलाई महिला समाज की ओर से महासचिव श्रीमती सोनाली रथ द्वारा किया गया। ध्वजारोहण कार्यक्रम का संचालन डॉ पूजा सियाल और डॉ माला चौधरी ने किया।
उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस पर संध्याकाल 7ः30 बजे सिविक सेंटर स्थित, महात्मा गाँधी कलामंदिर में अंतरविभागीय संयंत्रकर्मी विजेता कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम (ऑर्केस्ट्रा) की प्रस्तुति दी जाएंगी।
