बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमरखोरका की राशन दुकान में चावल वितरण को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि राशन दुकान संचालक चावल का वजन बढ़ाने की नीयत से उसमें नाले का गंदा पानी मिला रहा था। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया। जांच के दौरान पानी मिला हुआ पाया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय जनपद सदस्य समीर सिंह देव मौके पर पहुंचे। वहीं, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीपराज कांत और खाद्य निरीक्षक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।
ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। राशन दुकान से हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाले चावल में गंदा पानी मिलाए जाने का मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली और राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद नियम के अनुसार कार्रवाई करने की बात कही है। अब देखना होगा कि जांच के आधार पर राशन दुकान संचालक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
