विशेष संवाददाता मुंगेली
लोकेशन लोरमी
लोरमी, वार्ड नंबर 6 —लोरमी मां भारती स्कूल के सामने एक कार मालिक द्वारा लगातार रोड पर गाड़ी खड़ी कर देने से क्षेत्र में गंभीर आवागमन की समस्या उत्पन्न हो रही है। यह कार, जो क्रीम कलर की बताई जा रही है, लंबे समय से स्कूल के सामने बीच सड़क पर खड़ी की जाती है, जिससे न केवल स्कूल के बच्चों को बल्कि आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल बसों का आना-जाना मुश्किल हो गया है और छोटे बच्चों को स्कूल छोड़ने व लाने में अभिभावकों को दिक्कतें हो रही हैं। महिलाओं को भी बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है, विशेषकर जब किसी को अस्पताल या अन्य इमरजेंसी सेवा की जरूरत पड़ती है। महतारी एक्सप्रेस जैसी आवश्यक सेवाएं भी जाम के कारण मौके पर नहीं पहुंच पा रही हैं।
इतना ही नहीं, गैस सिलेंडर जैसी जरूरी चीजों की डिलीवरी भी बाधित हो रही है। वाहन दूर रोककर सामान लाना पड़ रहा है, जिससे खासकर बुजुर्ग और महिलाएं त्रस्त हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब इस संबंध में कार मालिक से बात की जाती है, तो वह दबंगई दिखाते हुए कहता है, “मेरा कोई कुछ नहीं कर सकता, जो करना है कर लो।” इस प्रकार की लापरवाही और उद्दंडता से मोहल्ले में आक्रोश बढ़ रहा है।
जनता की मांग है कि इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार पर प्रशासन तत्काल संज्ञान ले और ऐसे व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई करे। क्योंकि यह मामला केवल सड़क जाम का नहीं, बल्कि आमजन की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है।
