बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन पर रोक के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उड़नदस्ता प्रभारी नायब तहसीलदार श्री आई.सी. यादव एवं मंडी सचिव श्री वीरेंद्र ठाकुर की संयुक्त टीम ने बिना वैध दस्तावेज़ के धान ले जा रहे दो ट्रैक्टर पकड़े।
पहली कार्रवाई में टीम ने तेजस्वर यादव के महिंद्रा ट्रैक्टर को रोका। इस ट्रैक्टर से उत्तर प्रदेश से 53 बोरी धान बिना दस्तावेज़ के कामेश्वरनगर ले जाया जा रहा था। दूसरी कार्रवाई में ग्राम रौंदा के नदी किनारे चूनापत्थर निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता का धान से लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया।
दोनों ट्रैक्टरों सहित कुल 116 बोरी धान जब्त कर डिंडो चौकी के सुपुर्द किया गया है। प्रकरण में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान उपार्जन व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध परिवहन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
