रीवा रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। शहर में अवैध आउटडोर विज्ञापन पर नकेल कसने के लिए नगर निगम का अभियान जारी है। नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर म.प्र. आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम 2017 को प्रभावी रूप से लागू करने के तहत कार्रवाई की गई।
अतिक्रमण टीम ने शिल्पी प्लाज़ा, दीप कॉम्प्लेक्स एवं बाजार क्षेत्र में पहुंचकर दुकानों के बाहर लगे अवैध होर्डिंग्स व बैनरों को हटाया। इस दौरान कुल ₹41,800 की चालानी कार्रवाई की गई।
जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई उनमें करन गारमेंट्स, लवली लाइफस्टाइल, नावेल्टी, वीआईपी शू प्लाज़ा, केशव मेन्स ज़ोन सहित अन्य दुकानें प्रमुख हैं।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त शीतल भलावी के नेतृत्व में अतिक्रमण दल द्वारा की गई। नगर निगम अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध विज्ञापन सामग्री पाई गई तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
