रीवा में अवैध हथियार तस्करी का पर्दाफाश, 8 पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त

Illegal arms smuggling racket busted in Rewa; 8 pistols and live cartridges seized.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

8 अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ दो गिरफ्तार, धार से लाए थे हथियार

रीवा। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चोरहटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 अवैध पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हथियार मध्यप्रदेश के धार जिले से लाने की बात स्वीकार की है। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों की आपूर्ति किसी आपराधिक गिरोह को की जानी थी या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश थी।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन गुप्ता और मंजर अंसारी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चोरहटा पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 8 अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हथियार धार जिले से लाए गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किससे खरीदे गए, इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 8 अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version