मध्यप्रदेश

पति गैस लेने गया, पेड़ के नीचे मिली पत्नी की लाश! जवा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

Husband went to fetch a gas cylinder; wife's body found under a tree! Suspicious death of a married woman in Jawa; her family levels serious allegations.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

5 साल पहले हुई थी शादी, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया; पति पर मारपीट के आरोप, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

रीवा/जवा। रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा (दादर टोला) में 25 वर्षीय विवाहिता रूपा माझी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रूपा माझी की शादी करीब पांच वर्ष पहले राजू माझी से हुई थी। सोमवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने की बात सामने आई। परिजन इलाज के लिए वाहन की व्यवस्था कर रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

 

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मृतका के मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि राजू माझी शराब के नशे में अक्सर रूपा के साथ मारपीट करता था। इसकी शिकायत पहले भी जवा थाने में की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।

 

मृतका की भाभी ने बताया कि सोमवार सुबह राजू माझी का फोन आया और उसने कहा कि “रूपा को कुछ हो गया है।” जब उससे पूछा गया कि वह कहां है, तो उसने बताया कि वह गैस लेने गया है। सूचना मिलने पर जब मायके पक्ष ससुराल पहुंचा तो रूपा का शव घर के बाहर पेड़ के नीचे पड़ा मिला। वहीं उसके दो छोटे-छोटे बच्चे शव के पास बैठे थे। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने ससुराल वालों से घटना की जानकारी मांगी तो वे उल्टा विवाद करने लगे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 

पुलिस ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। थाना प्रभारी जवा अरविंद सिंह राठौड़ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button