छत्तीसगढ़

फोन पर तलाक देकर मुसीबत में फंसा पति

Husband gets into trouble after giving divorce over phone

रायपुर। रायपुर में तीन तलाक का मामला सामने आया है। कुवैत में नौकरी कर रहे पति ने फोन पर पत्नी को तीन तलाक दे दिया। महिला ने पति पर मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और वैवाहिक संबंध तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं की गंभीरता से तफ्तीश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, राजातालाब क्षेत्र निवासी महिला की शादी साल 2008 में चौरसिया कॉलोनी निवासी शाहिद रजा से हुई थी। शादी के बाद दंपती के दो बच्चे है। शुरुआती कुछ साल में परिवार का जीवन सामान्य रूप से चलता रहा।

कुछ साल पहले शाहिद रोजगार के सिलसिले में कुवैत चला गया। आरोप है कि, विदेश जाने के बाद उसने परिवार से दूरी बना ली और लंबे समय से घर वापस नहीं लौटा।

महिला का कहना है कि, पति न तो उसे और बच्चों को अपने साथ विदेश ले गया और न ही परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन सही तरीके से किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। हाल ही में कुवैत से फोन पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

पीड़िता के अनुसार, बातचीत के दौरान पति ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। गाली-गलौज की और फोन पर ही तीन बार तलाक बोलकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही। महिला का आरोप है कि, इसके बाद पति ने उसे अपनी पत्नी मानने से भी इनकार कर दिया।

महिला ने सिविल लाइन थाने में दी शिकायत

घटना से आहत महिला ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति के खिलाफ प्रताड़ना और तीन तलाक से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया है।

डिजिटल साक्ष्य जुटा रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, आरोपी फिलहाल कुवैत में काम कर रहा है। मामले से जुड़े कॉल रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button