मानवता जिंदा है: हाथ ठेले पर बुजुर्ग महिला को अस्पताल ले जाते युवक का वीडियो वायरल
Humanity is alive: Video of young man carrying elderly woman to hospital on handcart goes viral

जशपुरनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो मे शहर के कुछ लोग एक बुजुर्ग बीमार महिला को हाथ ठेला मे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो मे दावा किया जा रहा है कि 108 से एम्बुलेंस ना मिल पाने के कारण, मरीज की जान बचाने के लिए यह कदम उठाना पड़ा। वहीं सीएमएचओ डॉ जीएस जात्रा का कहना है कि तकनीकी कारणों से ऐसी स्थिति बनी और महिला का उपचार जारी है।
बुजुर्ग महिला को अस्पताल पहुंचाने वाले शहर के दरबारी टोली निवासी वेद प्रकाश तिवारी ने बताया कि बुजुर्ग महिला का नाम रजनी होता, 70 वर्ष हैं।
वे जिला चिकित्सालय के पास मे ही रहती हैं। परिवार मे किसी के ना होने के कारण अकेले ही घर मे रहती हैं। उन्होंने बताया कि रविवार की रात लगभग 7 से 8 बजे के बीच रजनी होता को सिर मे तेज दर्द के साथ उलटी होने लगी। आसपास के लोगों ने उन्हें इसकी सूचना दी।
वे शंकर तामरकार, विशाल नायक, मंगल पांडे और राजेश गुप्ता के साथ महिला के घर पहुँचे और अस्पताल ले जाने के लिए 108 से सहायता मांगी। लेकिन काफ़ी कोशिशों के बाद भी उन्हें 108 से सहायता नहीं मिल पाई।
इस पर उन्होंने बुजुर्ग महिला की जान बचाने के लिए पास मे खड़े हुए एक हाथ ठेला मे बैठा कर जिला चिकित्सालय पहुंच गए।
तकनीकी कारणों से बनी स्थिति
इस मामले मे जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जीएस जात्रा से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर वे स्वयं बुजुर्ग महिला के घर के पास जा कर 108 को मोबाइल से काॅल करके चेक किया था। इस पर काल तत्काल कनेक्ट हुआ और उन्हें रिस्पॉन्स भी मिला।
डॉ जात्रा का कहना था कि कभी कभी पिक ऑवर मे लाइन के व्यस्त होने से तकनीकी परेशानी आती है। उन्होंने बताया कि महिला का जिला चिकित्सालय मे महिला का उपचार जारी है। रक्त दाब (बीपी) बढ़ जाने के कारण महिला को परेशानी हो रही थी।
‘कभी कभी लाइन व्यस्त होने से तकनीकी कारणों से 108 से सहायता मिलने मे परेशानी होती है। बुजुर्ग महिला का उपचार किया जा रहा हैँ। उनकी हालत मे सुधार हो रहा है।
डॉ जीएस जात्रा, सीएमएचओ, जशपुर।



